दरअसल, नसीरुद्दीन शाह ने 27 अक्टूबर को फेसबुक पर एक वीडियो साझा किया था। इसमें उन्होंने खुद को गर्व से 'दिमागी नक्सल' बताया। उन्होंने कहा कि सरकार की आलोचना करने वालों को कभी राष्ट्रविरोधी, कभी टुकड़े-टुकड़े गैंग और अब दिमागी नक्सल जैसे नाम दिए जाते हैं।
शाह ने इन तमाम आरोपों पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें ऐसे नामों से फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि आखिर देश के युवाओं का हौसला कब तक तोड़ा जाएगा? शिक्षा व्यवस्था को कमजोर करने और लोकतंत्र को खतरे में डालने की कोशिशें कब तक जारी रहेंगी?
जामिया के छात्रों के समर्थन में उतरे अभिनेता
नसीरुद्दीन शाह के इस बयान की बड़ी वजह दिल्ली की जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी में चल रहा छात्र आंदोलन है। यहां छात्र लंबे समय से बंद छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग कर रहे हैं। विश्वविद्यालय में 2006 के बाद से छात्रसंघ चुनाव नहीं हुए हैं।
शाह ने छात्रों का समर्थन करते हुए सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि छात्रों की आवाज दबाने और शिक्षा संस्थानों में विरोध की जगह कम करने की कोशिशों को याद रखा जाएगा।
इससे पहले भी वह जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) और सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (SRFTI) के छात्रों के समर्थन में अपनी बात रख चुके हैं।
कहां से आया 'दिमागी नक्सल' शब्द?
'दिमागी नक्सल' शब्द का इस्तेमाल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2026 के स्वतंत्रता दिवस संबोधन में किया था। इसके बाद यह शब्द राजनीतिक बहस का हिस्सा बन गया। सरकार के आलोचकों के संदर्भ में भी इस शब्द का इस्तेमाल होने लगा।
नसीरुद्दीन शाह ने इसी शब्द को अपने लिए अपनाकर उन लोगों पर तंज किया है, जो सरकार से असहमति जताने वालों को अलग-अलग नाम देते हैं।
किरेन रिजिजू और पुनीत इस्सर ने की आलोचना
नसीरुद्दीन शाह के बयान पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने अभिनेता को 'खतरनाक अर्बन दिमागी नक्सल' बताते हुए उनके विचारों को भारतीय लोकतंत्र के लिए नुकसानदेह कहा।
वहीं अभिनेता पुनीत इस्सर ने भी शाह की आलोचना की। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर अभिनेता सरकार की नीतियों से असहमत हैं, तो उन्हें चुनाव लड़कर अपनी विचारधारा के आधार पर बदलाव लाने की कोशिश करनी चाहिए।
महाराष्ट्र के मंत्री नितेश राणे ने भी शाह पर निशाना साधते हुए विवादित टिप्पणियां कीं।