दोपहर 1 बजे से रात 12 बजे तक ट्रैफिक प्रतिबंध
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, कॉन्सर्ट के कारण 30 अक्टूबर को दोपहर 1 बजे से रात 12 बजे तक कई प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रभावित रहेगा। भीष्म पितामह मार्ग, लोधी रोड, लाला लाजपत राय मार्ग, आर्च बिशप मार्ग, चौथी एवेन्यू रोड, पांचवीं एवेन्यू रोड और दयाल सिंह कॉलेज रोड पर ट्रैफिक का दबाव रह सकता है।
इसके अलावा CGO कॉम्प्लेक्स, लोधी कॉलोनी की अंदरूनी सड़कों और बारापुला फ्लाईओवर के INA से जंगपुरा मेट्रो स्टेशन तक के हिस्से पर भी असर पड़ सकता है।
इन रास्तों पर मिलेगा डायवर्जन
कॉन्सर्ट के दौरान पुलिस ने कई जगहों पर ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था की है। लोधी रोड से दयाल सिंह कॉलेज रोड की तरफ जाने वाले वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा। वहीं लाला लाजपत राय मार्ग से JLN स्टेडियम की ओर जाने वाले वाहनों को लोधी फ्लाईओवर की तरफ भेजा जाएगा।
भीष्म पितामह मार्ग से स्टेडियम के गेट नंबर 1 की तरफ जाने वाले वाहनों को भी आगे जाने की अनुमति नहीं होगी। कुशक नाला बस डिपो रेड लाइट से स्टेडियम के गेट नंबर 3, 4, 5, 6 और 7 की तरफ वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
मेट्रो से पहुंचना रहेगा बेहतर विकल्प
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को निजी वाहनों के बजाय मेट्रो का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। दर्शक वायलेट लाइन से JLN स्टेडियम या जंगपुरा मेट्रो स्टेशन पहुंच सकते हैं। वहीं येलो लाइन से आने वाले लोग INA या जोर बाग मेट्रो स्टेशन पर उतर सकते हैं।
दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने भीड़ को देखते हुए 30 अक्टूबर को एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन को छोड़कर अन्य सभी लाइनों पर मेट्रो सेवाएं आधी रात तक बढ़ाने का फैसला किया है। यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त ट्रेनें भी चलाई जाएंगी।
स्टेडियम के पास नहीं मिलेगी पार्किंग
कॉन्सर्ट में शामिल होने वाले लोगों के लिए स्टेडियम और उसके आसपास आम जनता के लिए पार्किंग की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी। विशेष आमंत्रित लोगों के लिए सुनहरी पुला बस डिपो और दयाल सिंह कॉलेज में सीमित पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
कैब और ऑटो से आने वाले लोगों के लिए आर्च बिशप मार्ग, लाल मस्जिद-प्रगति विहार और कुशक नाला बस डिपो रेड लाइट पर पिकअप और ड्रॉप पॉइंट तय किए गए हैं।
ट्रैफिक पुलिस ने की खास अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले अपने रास्ते की जानकारी जरूर ले लें और अतिरिक्त समय लेकर चलें। सड़क किनारे वाहन खड़े न करें और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें।
किसी भी आपात स्थिति में 112 और ट्रैफिक संबंधी सहायता के लिए 1095 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।
ऐसे में अगर आप आज दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में जाने की तैयारी कर रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर पढ़ लें।