पूरी खबर
बॉलीवुड में कई ऐसी फिल्में बनी हैं, जिन्होंने अपनी कहानी और विषय को लेकर बड़े विवाद खड़े किए। ऐसी ही एक फिल्म थी ‘निकाह’, जो साल 1982 में रिलीज हुई थी। मशहूर फिल्ममेकर बीआर चोपड़ा के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सलमा आगा, राज बब्बर और दीपक पाराशर मुख्य भूमिकाओं में थे। फिल्म में तीन तलाक जैसे संवेदनशील मुद्दे को उठाया गया था। इसकी कहानी और शुरुआती नाम को लेकर काफी विरोध हुआ था।
पहले ‘तलाक, तलाक, तलाक’ था फिल्म का नाम
‘निकाह’ का शुरुआती नाम ‘तलाक, तलाक, तलाक’ रखा गया था। फिल्म की कहानी में निलोफर नाम की महिला की जिंदगी दिखाई गई, जिसे शादी के बाद तीन तलाक की वजह से मुश्किल हालात का सामना करना पड़ता है।
फिल्म के नाम और विषय को लेकर विरोध शुरू हुआ। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म और इसके निर्माताओं के खिलाफ 34 मुकदमे दर्ज हुए थे। विरोध के बीच फिल्म का नाम बदलकर ‘निकाह’ कर दिया गया।
सलमा आगा को मिली थीं धमकियां
फिल्म में निलोफर का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री और गायिका सलमा आगा ने भी इस विवाद का सामना किया। उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया था कि फिल्म को लेकर उन्हें धमकी भरे फोन कॉल और पत्र मिले थे। उनके मुताबिक, उनके खिलाफ फतवा भी जारी किया गया था और कई हफ्तों तक उनकी जान खतरे में रही।
सलमा आगा ने फिल्म के जरिए मुस्लिम महिलाओं की जिंदगी और उनके अधिकारों से जुड़े मुद्दों को सामने लाने की कोशिश की थी। फिल्म में तीन तलाक की प्रथा और उसके महिलाओं पर पड़ने वाले प्रभाव को दिखाया गया था।
विवाद के बावजूद सफल रही फिल्म
तमाम विरोध और कानूनी चुनौतियों के बावजूद ‘निकाह’ को दर्शकों का अच्छा प्रतिसाद मिला। फिल्म की कहानी, कलाकारों के अभिनय और संगीत ने इसे लोकप्रिय बनाया। सलमा आगा को भी इस फिल्म से हिंदी सिनेमा में बड़ी पहचान मिली।
आज भी ‘निकाह’ को उन फिल्मों में गिना जाता है, जिन्होंने सामाजिक मुद्दे को बड़े पर्दे पर उठाया और रिलीज के समय व्यापक बहस छेड़ी। फिल्म से जुड़ा विवाद और सलमा आगा के अनुभव बताते हैं कि संवेदनशील सामाजिक विषयों पर बनी फिल्मों को किस तरह के विरोध का सामना करना पड़ सकता है।