शायराना अंदाज से छाए सोम प्यारे, तालियों से गूंज उठा अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा का पंडाल
एच.सी. राणा | लोकल न्यूज ऑफ इंडिया
कुल्लू। अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा-2026 का सांस्कृतिक महाकुंभ सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। इस बार भी लगघाटी के सुप्रसिद्ध मंच संचालक सोम प्यारे ने अपने शायराना अंदाज और शानदार उद्घोषणा से दर्शकों का दिल जीत लिया। हिंदी और कुल्लवी बोली में सुनाई गई उनकी शायरियों पर मुख्य सांस्कृतिक मंच का पंडाल तालियों से गूंज उठा।
जिला प्रशासन कुल्लू ने लगातार तीसरी बार सोम प्यारे पर भरोसा जताते हुए उन्हें 22, 23 और 26 अक्टूबर को मुख्य सांस्कृतिक मंच के संचालन की जिम्मेदारी सौंपी। उन्होंने अपनी प्रतिभा, प्रभावशाली आवाज और अनूठे अंदाज से इस जिम्मेदारी को बखूबी निभाया।
हिंदी और कुल्लवी शायरी ने बांधा समां
मंच पर आते ही सोम प्यारे ने अपनी शायरियों और प्रभावशाली शब्दों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी प्रस्तुति में हिंदी और कुल्लवी बोली का अनूठा संगम देखने को मिला। उनके शायराना अंदाज ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में चार चांद लगा दिए और दर्शकों ने तालियों के साथ उनकी सराहना की।
2010 से मंच संचालन में सक्रिय
कुल्लू की लगघाटी के बड़ेहिरा ग्रां निवासी सोम प्यारे वर्ष 2010 से मंच संचालन के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वर्ष 2018 से वह पेशेवर रूप से मंच संचालन कर रहे हैं और अब तक 500 से अधिक बड़े मंचों का सफल संचालन कर चुके हैं।
इससे पहले भी वह कई प्रमुख आयोजनों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं। वर्ष 2023 और 2024 के अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा, वर्ष 2024 के कुल्लू कार्निवल और वर्ष 2025 के पीपल मेले में भी वह मुख्य मंच संचालक की भूमिका निभा चुके हैं।
सफलता का श्रेय गुरुजनों और सहयोगियों को दिया
सोम प्यारे ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों, मित्रों और मार्गदर्शक स्टार ब्रदर्स फाउंडेशन के संस्थापक के.सी. कविराज को दिया। उन्होंने मेला कमेटी के अध्यक्ष सुंदर सिंह ठाकुर, जिला प्रशासन कुल्लू और आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
सोम प्यारे की इस शानदार प्रस्तुति ने एक बार फिर साबित किया कि प्रभावशाली मंच संचालन केवल उद्घोषणा तक सीमित नहीं, बल्कि शब्दों, शायरी और दर्शकों से जुड़ने की कला का भी नाम है।