मुंबई में म्हाडा के फ्लैट्स को नहीं मिले खरीदार, अब 10% तक सस्ती होंगी कीमतें
मुंबई में घर खरीदने का सपना देख रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। महाराष्ट्र हाउसिंग एंड एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (म्हाडा) अपने बिना बिके फ्लैट्स की कीमतों में 10 फीसदी तक कटौती करने की तैयारी कर रही है। मुंबई में सैकड़ों फ्लैट लंबे समय से खरीदारों का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में प्राधिकरण ने इनकी कीमतें कम करके बिक्री बढ़ाने की योजना बनाई है।
करीब 400 फ्लैट अब भी खाली
रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई में म्हाडा के करीब 400 फ्लैट ऐसे हैं, जिन्हें कई बार बिक्री के लिए पेश किए जाने के बावजूद खरीदार नहीं मिले। इनमें कांजुरमार्ग, ताड़देव और कई अन्य इलाकों के फ्लैट शामिल हैं। इनकी ऊंची कीमत और लोकेशन को खरीदारों की कम दिलचस्पी की प्रमुख वजह माना जा रहा है।
10 फीसदी तक कम हो सकती है कीमत
म्हाडा ने बिना बिके फ्लैट्स की कीमतों में अधिकतम 10 फीसदी तक कटौती का प्रस्ताव तैयार किया है। हालांकि, सभी फ्लैट्स पर एक जैसी छूट नहीं मिलेगी। कीमतों में कमी का फैसला फ्लैट और उसकी लोकेशन के हिसाब से किया जाएगा। इसके लिए म्हाडा प्राधिकरण की मंजूरी जरूरी होगी।
पहले भी कीमतें घटाने का हुआ था प्रयास
इससे पहले अप्रैल में कांनमवार नगर के फ्लैट्स की कीमतों में करीब 7.5 फीसदी की कटौती की गई थी। यहां 480 फ्लैट्स की कीमत 1.46 से 1.48 करोड़ रुपये से घटाकर करीब 1.35 से 1.37 करोड़ रुपये की गई थी। इसके बावजूद खरीदारों की उम्मीद के मुताबिक प्रतिक्रिया नहीं मिली।
वहीं, ताड़देव स्थित क्रिसेंट टावर का 1,500 वर्ग फीट से अधिक क्षेत्रफल वाला फ्लैट 7.58 करोड़ रुपये में बिक्री के लिए रखा गया था, लेकिन इसके लिए भी खरीदार नहीं मिला।
दिवाली के बाद शुरू हो सकती है बिक्री
अगर प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो म्हाडा मुंबई बोर्ड दिवाली के बाद फ्लैट्स को फर्स्ट कम फर्स्ट सर्व (FCFS) योजना के तहत दोबारा बिक्री के लिए पेश कर सकता है। इस योजना में खरीदार लॉटरी के बजाय पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर फ्लैट खरीद सकते हैं।
हालांकि, कीमतों में कटौती का प्रस्ताव अभी मंजूरी के इंतजार में है। अंतिम छूट और फ्लैट्स की नई कीमतें प्राधिकरण के फैसले के बाद ही स्पष्ट होंगी।