दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष का विरोध प्रदर्शन जारी है। कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने गुरुवार, 8 अक्टूबर को विपक्षी सांसदों के लिए कनॉट प्लेस में लंच रखा है। लंच दोपहर 1:45 बजे मोएट्स में आयोजित किया गया है।
यह लगातार दूसरा दिन है जब खड़गे ने विपक्षी सांसदों को लंच के लिए बुलाया है। इससे पहले 7 अक्टूबर को लंच के बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और विपक्ष के कई सांसद जंतर-मंतर की ओर प्रदर्शन के लिए निकले थे। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया था और बाद में रिहा कर दिया गया।
विपक्षी दलों का यह प्रदर्शन SIR यानी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ है। विपक्षी नेता उनके इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। गुरुवार को भी प्रदर्शन की संभावना को देखते हुए कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ाई गई है।
कनॉट प्लेस का स्थान जंतर-मंतर और चुनाव आयोग के कार्यालय के नजदीक है। ऐसे में लंच के बाद विपक्षी सांसद किस दिशा में जाएंगे और उनका अगला कदम क्या होगा, इस पर नजर बनी हुई है।
बुधवार के प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कई विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिया गया था। इस प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस ने कुछ नेताओं के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की है।