दिल्ली की जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर जारी विवाद ने राजनीतिक मोड़ ले लिया है। विश्वविद्यालय प्रशासन की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस सांसद इमरान मसूद, इमरान प्रतापगढ़ी समेत अन्य नेताओं के खिलाफ FIR दर्ज की है।
FIR के बाद इमरान मसूद ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें छात्रों से मिलने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने सवाल उठाया, “जामिया क्या उनके बाप का है?” मसूद ने स्पष्ट किया कि FIR दर्ज होने के बावजूद वह छात्रों से मिलने जरूर जाएंगे।
दरअसल, जामिया में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने और चुनाव की तारीख घोषित करने की मांग को लेकर छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं। छात्र लंबे समय से निर्वाचित छात्रसंघ की बहाली की मांग उठा रहे हैं। विश्वविद्यालय में 2006 में छात्रसंघ भंग किए जाने के बाद से चुनाव नहीं हुए हैं।
प्रदर्शन के बीच विश्वविद्यालय प्रशासन ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए सभी कोर्स की ऑफलाइन कक्षाएं अगले आदेश तक ऑनलाइन करने का फैसला लिया था। इस फैसले के बाद भी छात्रों का विरोध जारी रहा।
इसी बीच विश्वविद्यालय प्रशासन ने 26 अक्टूबर को छात्रसंघ चुनाव कराने को लेकर नया आदेश जारी किया। इसके मुताबिक, छात्रसंघ के संविधान को मंजूरी मिलने की तारीख से 15 दिनों के भीतर चुनाव कराए जाएंगे। हालांकि, संविधान को मंजूरी मिलने की तारीख अभी स्पष्ट नहीं है।