आकांशा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
उत्तर प्रदेश के जनपद फिरोजाबाद के थाना रसूलपुर पुलिस टीम ने 02 गुमशुदा हुए बच्चों को सकुशल बरामद कर बुधवार को परिजनों के सुपुर्द किया है। बरामद बच्चे मैथ के पेपर के डर से ट्रेन द्वारा स्कूल की जगह दिल्ली चले गए थे।
सीओ सिटी प्रवीन तिवारी ने बताया कि थाना रसूलपुर पर 9 फरवरी को दिनेश व विमल कुमार निवासीगण नींबू वाला बाग थाना रसूलपुर ने सूचना दी कि उनके बच्चे कृष (14) पुत्र दिनेश कुमार व शौर्य (11) पुत्र विमल कुमार सुबह 9 बजे घर से स्कूल के लिये गये थे लेकिन वापस नहीं आये।
बच्चों की सकुशल बरामदगी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देश पर थाना रसूलपुर प्रभारी प्रदीप कुमार सहित 03 पुलिस टीमों का गठन किया। पुलिस टीम द्वारा रेलवे स्टेशन पर जीआरपी व आरपीएफ पुलिस टीमों से समन्वय कर सर्च ऑपरेशन में गुमशुदा बच्चों के ट्रेन में बैठकर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचने की जानकारी प्राप्त हुई। जिसके बाद थाना रसूलपुर पुलिस टीम ने फोटो व व्यापक सर्च अभियान से गुमशुदा बच्चों को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर नई दिल्ली सीडब्ल्यूसी के समक्ष पेश किया। बरामद बच्चों को परिवारीजन के सुपुर्द किया है। बच्चों को सकुशल पाकर परिजनों के चेहरे पर मुस्कान आई है। परिजनों ने फिरोजाबाद पुलिस के कार्यों की प्रशंसा की है। सीओ ने बताया कि पूछताछ में बच्चों ने बताया है कि गणित की परीक्षा के डर से वह दोनों स्कूल न जाकर दिल्ली की तरफ ट्रेन में बैठकर चले गये थे।