राम भजन में कव्वाली? मनोज मुंतशिर के गाने 'दशरथ के ललना' पर उठे सवाल, सोशल मीडिया पर हुए ट्रोल
फिल्म 'रामायण' के गाने 'मंगल रंग' को लेकर शुरू हुआ विवाद अब गीतकार मनोज मुंतशिर तक पहुंच गया है। पहले एआर रहमान के संगीत और गाने के अंदाज पर सवाल उठे थे। अब मनोज मुंतशिर के नए भजन 'दशरथ के ललना' को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। कुछ यूजर्स ने इस भजन के म्यूजिक स्टाइल को कव्वाली जैसा बताते हुए मनोज को ट्रोल करना शुरू कर दिया है।
'दशरथ के ललना' गाने पर उठे सवाल
दरअसल, टी-सीरीज ने 30 अक्टूबर को अपना नया भक्ति गीत 'दशरथ के ललना' रिलीज किया। इस गाने के बोल मनोज मुंतशिर ने लिखे हैं। गाना सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं आने लगीं।
कुछ यूजर्स को गाने का संगीत कव्वाली जैसा लगा। लोगों ने सवाल उठाया कि जब मनोज मुंतशिर खुद रामायण के गानों को लेकर कव्वाली जैसी धुन पर सवाल उठाने वालों के खिलाफ बयान दे रहे थे, तो उनके अपने नए भजन का म्यूजिक भी इसी तरह का क्यों सुनाई दे रहा है?
एक यूजर ने टिप्पणी करते हुए लिखा कि दूसरे के गाने को ट्रोल किया जा रहा है, लेकिन यह गाना खुद कव्वाली जैसा है। वहीं, कुछ लोगों ने मनोज को उनके पुराने बयानों की याद दिलाई।
एआर रहमान पर हुए विवाद के बाद मनोज ने दिया था बयान
यह पूरा मामला फिल्म 'रामायण' के गाने 'मंगल रंग' से जुड़ा है। रणबीर कपूर और साई पल्लवी की फिल्म 'रामायण' का यह गाना रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया था। कुछ लोगों ने इसके संगीत की तुलना सूफी म्यूजिक और कव्वाली से की थी। कई यूजर्स ने इसे फिल्म की धार्मिक और पौराणिक पृष्ठभूमि के हिसाब से अलग बताया था।
इसी बीच मनोज मुंतशिर ने अपनी फिल्म 'आदिपुरुष' के गाने 'तू है शीतल धारा' को सोशल मीडिया पर शेयर किया था। इसके बाद उनकी पोस्ट और रामायण के गानों की तुलना को लेकर चर्चा तेज हो गई।
'मैंने राम के लिए नर्सरी राइम्स नहीं लिखीं'
28 अक्टूबर को मनोज मुंतशिर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए 'आदिपुरुष' के गानों का बचाव किया था। उन्होंने माना था कि फिल्म बेहद खराब थी और उसके संवाद भी अच्छे नहीं थे, लेकिन उनके मुताबिक फिल्म के गानों में श्रद्धा और समर्पण की कमी नहीं थी।
मनोज ने लिखा था कि उन्होंने राम के लिए न तो नर्सरी राइम्स लिखी हैं और न ही कव्वालियां। उन्होंने यह भी कहा था कि फिल्म के संवादों को लेकर हुई गलती के लिए वह रामभक्तों से कई बार माफी मांग चुके हैं, लेकिन गानों की आलोचना नहीं होनी चाहिए।
अब अपने ही गाने को लेकर घिरे मनोज
अब 'दशरथ के ललना' के रिलीज होने के बाद मनोज मुंतशिर के पुराने बयान को लेकर सवाल उठ रहे हैं। सोशल मीडिया यूजर्स उनके बयानों और नए गाने के संगीत के बीच तुलना कर रहे हैं।
फिलहाल यह विवाद सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। कुछ लोग गाने के संगीत का बचाव कर रहे हैं, जबकि कुछ यूजर्स इसे लेकर मनोज मुंतशिर पर निशाना साध रहे हैं।