अंजली गुप्ता
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
नई दिल्ली, 03 मार्च। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के Maujpur इलाके में मंगलवार तड़के हवाई फायरिंग की घटना से अफरा-तफरी मच गई। बदमाश एक मकान के बाहर गोलियां चलाकर मौके से फरार हो गए। गनीमत रही कि इस घटना में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ।
पुलिस के मुताबिक Bhajanpura थाना क्षेत्र में सुबह फायरिंग की सूचना मिली, जिसके बाद टीम तुरंत मौके पर पहुंची। शिकायतकर्ता मोहम्मद अब्दुल कादिर (39) ने बताया कि दो-तीन अज्ञात लोग उसके घर के सामने आए और हवा में गोलियां चलाकर भाग निकले।
सूचना मिलते ही फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 324(6)/3(5) और शस्त्र अधिनियम की धारा 25/27 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर छापेमारी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एहतियातन इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।