उत्तर प्रदेश के उन्नाव से सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां वॉशिंग मशीन में कपड़े धोने को लेकर शुरू हुआ पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के गंज मुरादाबाद में दिलशाद उर्फ पप्पू की उसके पिता और भाइयों ने कथित तौर पर तलवार, कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से हमला कर हत्या कर दी। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है।
जानकारी के मुताबिक, दिलशाद की पत्नी सूफिया बानो वॉशिंग मशीन में कपड़े धो रही थीं। इसी बात को लेकर परिवार में विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि पहले सूफिया के साथ मारपीट की गई और उनका हाथ भी टूट गया। इसके बाद विवाद बढ़ता चला गया।
बुधवार सुबह दिलशाद अपनी पत्नी और बच्चे के साथ घर में रखे कपड़े लेने पहुंचा था। आरोप है कि घर में घुसते ही परिवार के लोगों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। वह किसी तरह बाहर निकलकर भागा, लेकिन आरोपियों ने उसका पीछा किया और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल दिलशाद कुछ दूरी पर जाकर गिर पड़ा। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पत्नी की तहरीर पर पिता और तीन भाइयों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने कुछ आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में घर के बंटवारे और पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है। वहीं मृतक की पत्नी ने पुलिस पर पहले शिकायत के बावजूद पर्याप्त कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।