कालपी बार संघ अध्यक्ष हत्याकांड: एक लाख का इनामी मोनू यादव एनकाउंटर में गिरफ्तार, दोनों पैरों में लगी गोली
उत्तर प्रदेश के जालौन में कालपी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष और वरिष्ठ अधिवक्ता गयादीन अहिरवार हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्याकांड के मुख्य आरोपी और एक लाख रुपये के इनामी मोनू यादव उर्फ पवन यादव को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में मोनू के दोनों पैरों में गोली लगी है। घायल आरोपी को इलाज के लिए जिला अस्पताल उरई में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार देर रात करीब 2 बजकर 45 मिनट पर कालपी कोतवाली क्षेत्र के जोल्हूपुर-मदारीपुर जंगल के पास पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी के दौरान मोनू यादव ने झाड़ियों में छिपकर पुलिस टीम पर दो राउंड फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके दोनों पैरों में लगी और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, मोटरसाइकिल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इस कार्रवाई में स्वाट टीम और स्थानीय पुलिस की टीमें शामिल थीं।
गौरतलब है कि 31 अक्टूबर को कालपी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष गयादीन अहिरवार का अपहरण कर उनकी हत्या कर दी गई थी। आरोपियों ने कथित तौर पर अधिवक्ता को कानूनी केस की फाइल दिखाने के बहाने कार में बैठाया था। बाद में उनका शव कानपुर के सचेंडी इलाके में बरामद हुआ था।
पुलिस जांच में इस हत्या के पीछे जमीन विवाद की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, ठेकेदार इंद्रजीत यादव ने कथित तौर पर हत्या की साजिश रची थी और मोनू यादव को वारदात को अंजाम देने की जिम्मेदारी दी गई थी।
इस मामले में पुलिस पहले ही अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। मोनू की गिरफ्तारी के साथ अब तक इस हत्याकांड में पांच आरोपियों को पकड़ा जा चुका है। पुलिस मामले में साजिश और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।