गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
Kolkata, 25 मार्च । पश्चिम बंगाल में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने शुक्रवार से राज्य में आंधी-तूफान और बारिश की संभावना जताई है। कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के कई जिलों में कालबैसाखी के साथ तेज हवाएं और ओलावृष्टि हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार और गुरुवार को उत्तर और दक्षिण बंगाल में बारिश की संभावना कम है, लेकिन सप्ताहांत में मौसम पूरी तरह बदल जाएगा। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
दक्षिण बंगाल में तापमान धीरे-धीरे बढ़ रहा है और सुबह हल्का कोहरा बना हुआ है। तटीय इलाकों में उमस का असर भी महसूस किया जा रहा है। शुक्रवार और शनिवार को पुरुलिया, बांकुड़ा, झाड़ग्राम, पश्चिम मेदिनीपुर और पूर्व बर्धमान में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
उत्तर बंगाल के ऊपरी जिलों में भी खराब मौसम की स्थिति बनी हुई है, जहां बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने पूरे राज्य में बदलते मौसम को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।