गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ इंडिया
उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में घरेलू विवाद के चलते एक गंभीर घटना सामने आई है। थाना दोस्तपुर क्षेत्र के ग्राम संसारपुर में एक युवक ने अपनी पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसे घायल कर दिया और इसके बाद स्वयं को भी घायल कर लिया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात चन्द्रभान निषाद (32) ने किसी बात को लेकर हुए विवाद में अपनी पत्नी पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। घटना के बाद उसने अपने गले पर भी वार कर खुद को घायल कर लिया।
सूचना मिलते ही दोस्तपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दोस्तपुर ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल अंबेडकरनगर रेफर कर दिया गया।
क्षेत्राधिकारी कादीपुर विनय गौतम के अनुसार, पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।