अंजली गुप्ता
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
जालोर, 10 मार्च।
राजस्थान के जालोर जिले में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक दामाद ने अपनी सास पर हमला कर कैंची से उनकी नाक काट दी और सोने का आभूषण लेकर फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
जानकारी के अनुसार सरवाना थाना क्षेत्र में यह घटना उस समय हुई जब बाबूलाल और उनकी पत्नी केली देवी किसी शिकायत के सिलसिले में थाने जा रहे थे। रास्ते में बालेरा माइनर के पास एक कार ने उनकी गाड़ी को रोक लिया। कार में उनका दामाद सोहनलाल विश्नोई अपने साथियों के साथ मौजूद था।
आरोप है कि सोहनलाल और उसके साथियों ने केली देवी को जबरन गाड़ी से नीचे उतारकर उनके साथ मारपीट की। इसी दौरान आरोपी ने कैंची से उनकी नाक काट दी और नाक में पहना सोने का आभूषण निकालकर अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए गुजरात के मेहसाणा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने आरोपी सोहनलाल विश्नोई सहित चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और इसी पारिवारिक विवाद के चलते इस घटना को अंजाम दिया गया।