अंजली गुप्ता
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया I
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में धार्मिक पद से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। महिलाओं से अश्लील बातचीत करने और उन पर अनुचित दबाव बनाने के आरोप में शहर काजी आरिफ अली फारूकी को उनके पद से हटा दिया गया है। इस मामले में छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड ने कड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें बर्खास्त कर दिया है।
वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष सलीम राज ने बताया कि काजी के खिलाफ कई महिलाओं ने शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि वे देर रात फोन कर महिलाओं से अश्लील बातें करते थे और ‘दोस्ती’ करने का दबाव बनाते थे। इतना ही नहीं, तलाक और हलाला जैसे संवेदनशील मुद्दों को लेकर भी महिलाओं पर दबाव डालने के आरोप लगे हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए 31 मार्च 2026 को रायपुर में उलेमाओं और समाज के प्रमुख लोगों की एक आपात बैठक बुलाई गई। बैठक में आरोपों पर विस्तार से चर्चा के बाद सर्वसम्मति से शहर काजी को पद से हटाने का निर्णय लिया गया।
वक्फ बोर्ड का कहना है कि शहर काजी का पद अत्यंत जिम्मेदारी भरा होता है और इस पद पर बैठे व्यक्ति से उच्च नैतिक आचरण की अपेक्षा की जाती है। ऐसे में इस प्रकार के आरोप पद की गरिमा के खिलाफ हैं और इन्हें नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
फिलहाल आरोपित आरिफ अली फारूकी की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, वक्फ बोर्ड ने संकेत दिए हैं कि जल्द ही नए शहर काजी की नियुक्ति की जाएगी।