लिसिका ग्रोवर
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
पश्चिम बंगाल में जारी चुनावी सरगर्मी के बीच 9 अप्रैल को आसनसोल के पोलो ग्राउंड स्टेडियम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से एक विशाल जनसभा आयोजित की जाएगी, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संबोधित करेंगे। इस रैली को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
जनसभा की तैयारियां जोरों पर हैं। स्टेडियम परिसर को बड़े स्तर पर सजाया जा रहा है और हजारों लोगों के आगमन को देखते हुए बैठने, पार्किंग, बैरिकेडिंग और मीडिया कवरेज के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।
भाजपा नेताओं का मानना है कि इस रैली के जरिए पार्टी आसनसोल और आसपास के क्षेत्रों में चुनावी माहौल को अपने पक्ष में मजबूत करने की कोशिश कर रही है। प्रधानमंत्री की मौजूदगी से कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ने के साथ-साथ मतदाताओं पर भी असर पड़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। आयोजन स्थल से लेकर हेलीपैड तक पूरे इलाके को हाई सिक्योरिटी जोन घोषित किया गया है। आसनसोल कोर्ट से गैलेक्सी मॉल क्षेत्र तक कुछ हिस्सों में आवाजाही पर नियंत्रण रखा जा रहा है। केंद्रीय सुरक्षा बलों के साथ स्थानीय पुलिस भी पूरी मुस्तैदी से तैनात है।