लिसिका ग्रोवर
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
नीतीश कुमार ने बुधवार को बिहार प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत निवारण संस्थान (BIPARD) स्किल पार्क, पटना स्थित दक्षता भवन का निरीक्षण किया। यह परिसर वाल्मी (जल एवं भूमि प्रबंधन संस्थान) में स्थित है।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न कक्षाओं में प्रशिक्षण ले रहे छात्रों से बातचीत कर उनका उत्साहवर्धन भी किया।
मुख्यमंत्री ने छात्रों से कहा कि वे पूरी लगन और मेहनत से प्रशिक्षण प्राप्त करें, ताकि उन्हें बेहतर रोजगार के अवसर मिल सकें। उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार और तकनीकी कौशल प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस दौरान उन्होंने हिमाद्री छात्रावास का भी निरीक्षण किया और अन्य छात्रावासों की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परिसर को सुव्यवस्थित रखा जाए और प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे छात्रों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।
निरीक्षण के मौके पर विजय कुमार चौधरी, दीपक कुमार, प्रत्यय अमृत सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।