लिसिका ग्रोवर
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
नेपाल सरकार ने सार्वजनिक परिवहन के किराए में 17 से 22 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी कर दी है। इसके साथ ही माल ढुलाई के किराए में भी इजाफा किया गया है। नई दरें बुधवार से लागू हो गई हैं।
पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में भारी वृद्धि के बाद सार्वजनिक यातायात किराए में 16.71 प्रतिशत तक वृद्धि की गई है। वहीं तराई क्षेत्र में ढुलाई किराया 15.75 प्रतिशत और पहाड़ी क्षेत्रों में 21.68 प्रतिशत तक बढ़ाया गया है। यह निर्णय भौतिक पूर्वाधार तथा परिवहन मंत्रालय की मंजूरी के बाद लागू किया गया।
नेपाल यातायात व्यवसायी राष्ट्रीय महासंघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सरोज सिटौला के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी और अन्य तकनीकी कारणों के चलते किराया बढ़ाना आवश्यक हो गया था। उन्होंने कहा कि परिवहन व्यवसायी लंबे समय से किराया समायोजन की मांग कर रहे थे।
किराए में इस वृद्धि का सीधा असर आम जनता की दैनिक यात्रा लागत और उपभोग्य वस्तुओं की कीमतों पर पड़ने की आशंका है।
वैज्ञानिक किराया समायोजन प्रणाली के अनुसार वाहन किराए में पेट्रोलियम पदार्थों का 35 प्रतिशत और अन्य खर्च जैसे बीमा, वाहन, बैंक ब्याज, स्पेयर पार्ट्स, टायर और लुब्रिकेंट आदि का 65 प्रतिशत योगदान माना जाता है। इस प्रणाली के तहत ईंधन की कीमत में 5 प्रतिशत की वृद्धि या कमी होने पर किराया दर स्वतः समायोजित हो जाती है।