गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
पहाड़ की राजनीति में एक अहम घटनाक्रम सामने आया है, जहां मिरिक के वरिष्ठ भारतीय गोरखा प्रजातांत्रिक मोर्चा (बीजीपीएम) नेता सतीश थापा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया। वह मिरिक सब-डिवीजन में बीजीपीएम के महासचिव के पद पर कार्यरत थे।
शनिवार को दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इसकी जानकारी दी। भाजपा नेताओं ने सतीश थापा का पार्टी में स्वागत करते हुए इसे मिरिक क्षेत्र में संगठन के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
सांसद राजू बिष्ट ने कहा कि थापा के शामिल होने से भाजपा को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी और क्षेत्र के विकास कार्यों को गति मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि मिरिक के लोग लंबे समय से प्रधानमंत्री के नेतृत्व पर विश्वास जता रहे हैं और केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ लगातार क्षेत्र तक पहुंच रहा है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस घटनाक्रम से मिरिक और दार्जिलिंग की राजनीति में नए समीकरण बन सकते हैं, जिससे आने वाले समय में चुनावी मुकाबला और दिलचस्प होने की संभावना है।