अंजली गुप्ता
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
लखनऊ, 10 मार्च।
बिहार के मौलाना अब्दुल्ला सलीम द्वारा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां को लेकर कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी करने के बाद प्रदेश में विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। इस मामले में बलरामपुर में भाजपा जिलाध्यक्ष की तहरीर पर पुलिस ने मौलाना के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वहीं प्रदेश के अलग-अलग जिलों के 83 थानों में भी उनके खिलाफ शिकायतें दी गई हैं।
बताया जा रहा है कि इस टिप्पणी को लेकर वाराणसी समेत कई शहरों में लोगों में आक्रोश देखने को मिला। वाराणसी में हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने मौलाना का पुतला फूंका और विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने जुलूस निकालकर मैदागिन चौराहे पर पुतला दहन किया और नाराजगी जाहिर की।
राजधानी लखनऊ के अटल चौराहे पर भी युवाओं ने प्रदर्शन करते हुए मौलाना की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। अनुराग तिवारी के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में युवाओं ने कहा कि मुख्यमंत्री की माता के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी किसी भी हालत में स्वीकार नहीं की जाएगी।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि चार दिनों के भीतर मौलाना के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो लखनऊ में बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। कई संगठनों ने केंद्र और राज्य सरकार से मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की है।
इस बीच पुलिस प्रशासन विभिन्न जिलों से मिली शिकायतों के आधार पर मामले की जांच कर रहा है और कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।