आकांशा खटाना
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
उत्तर प्रदेश के जनपद जालाैन के कालपी और आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार की सुबह से अचानक घना कोहरा छा गया। मार्च महीने में जहां आमतौर पर गर्मी बढ़ने लगती है, वहीं इस मौसम में इतनी घनी धुंध देखे जाने से लोग हैरान रह गए। सुबह करीब 6 बजे से ही पूरे इलाके में धुंध की चादर फैल गई, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई और सड़कों पर चलने वाले वाहनों की गति धीमी पड़ गई। कई स्थानों पर लोग धीरे-धीरे वाहन चलाते हुए दिखाई दिए, जिससे यातायात की रफ्तार प्रभावित हुई लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही आसमान हाेने लगा।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि कालपी क्षेत्र में सर्दियों के दौरान कोहरा पड़ना सामान्य बात है, लेकिन मार्च महीने की गर्मी के बीच इस तरह का घना कोहरा कम ही देखने को मिलता है। कई लोगों ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में हल्की धुंध जरूर देखी गई है, लेकिन इस बार की तरह घनी धुंध काफी समय बाद दिखाई दी है। मौसम के आंकड़ों के अनुसार इन दिनों क्षेत्र में दिन के समय अधिकतम तापमान 37 से 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा रहा है, जबकि न्यूनतम तापमान 19 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। ऐसे में सुबह के समय अचानक कोहरा छा जाना लोगों के लिए कौतूहल का विषय बन गया।
तापमान में उतार-चढ़ाव और हवा में नमी की मात्रा बढ़ने से ऐसी स्थिति बन सकती है। जब रात के समय वातावरण में नमी अधिक होती है और सुबह हल्की ठंडी हवा चलती है, तो धुंध बनने की संभावना बढ़ जाती है। यही कारण है कि गर्मी की शुरुआत के बावजूद कुछ इलाकों में सुबह के समय असामान्य कोहरा देखने को मिल सकता है। हालांकि सूरज निकलने के बाद धीरे-धीरे धुंध छंटने लगी और दृश्यता सामान्य हो गई। इसके बाद लोगों की दिनचर्या भी सामान्य रूप से शुरू हो गई। मौसम विभाग का कहना है कि यदि तापमान और नमी का यही संतुलन बना रहा तो आने वाले कुछ दिनों में सुबह के समय हल्की धुंध की स्थिति फिर बन सकती है।