गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
झारखंड में एक बार फिर तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे गर्मी का असर तेज होता नजर आ रहा है। राज्य के कई जिलों में पारा तेजी से ऊपर चढ़ रहा है। डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो राज्य में सबसे अधिक दर्ज किया गया।
इसके अलावा जमशेदपुर में तापमान 37 डिग्री, चाईबासा और सरायकेला में 36 डिग्री तक पहुंच गया है। वहीं रांची और लोहरदगा में अधिकतम तापमान 32 डिग्री, लातेहार में 28 डिग्री और खूंटी में 33 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।
मौसम विभाग ने 31 मार्च तक राज्य के विभिन्न जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। पिछले कुछ दिनों में राज्य के कई हिस्सों में गरज के साथ बारिश और वज्रपात की घटनाएं भी सामने आई हैं।
बीते 24 घंटों में सबसे अधिक तापमान डाल्टनगंज में 37.6 डिग्री और सबसे कम तापमान लातेहार में 14.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शुक्रवार को रांची में सुबह से तेज धूप के कारण गर्मी महसूस की गई, हालांकि बाद में बादल छा गए और कुछ क्षेत्रों में तेज हवा के साथ हल्की बारिश भी हुई।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है, इसलिए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।