लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बरनवाल
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में जून के दूसरे पखवाड़े में गर्मी अपने चरम पर पहुंच गई है। बुधवार को शहर में तेज धूप के साथ अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान 39 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है। हालांकि, बीच-बीच में आंशिक बादल छाने और कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना भी जताई गई है, जिससे कुछ हद तक गर्मी से राहत मिल सकती है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल दिल्ली-एनसीआर में मॉनसून पूरी तरह सक्रिय नहीं हुआ है, जिसके कारण उमस और गर्मी का असर अधिक महसूस किया जा रहा है। लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है।
अगले कुछ दिनों में मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है, लेकिन फिलहाल भीषण गर्मी से पूरी राहत मिलने के आसार कम हैं।