लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
अलीगढ़: इगलास स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में प्रसूता के पति और उसके परिजनों के खिलाफ अस्पताल स्टाफ से अभद्रता करने और हंगामा करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. ज्योति शर्मा के अनुसार, 16 जून को मुस्कान नामक महिला को प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि उस समय महिला के पति ने नशे की हालत में स्टाफ के साथ अभद्र व्यवहार किया था, जिसे नजरअंदाज कर दिया गया। बाद में महिला का सीजेरियन ऑपरेशन हुआ और उसने बेटे को जन्म दिया।
अस्पताल प्रशासन के मुताबिक 19 जून की रात प्रसूता का पति भोला, जेठ सौरभ उर्फ छोटू तथा अन्य परिजन अस्पताल पहुंचे और ड्यूटी पर तैनात नर्सिंग स्टाफ के साथ विवाद करने लगे। मामला बढ़ने पर नाइट इंचार्ज डॉक्टर को बुलाया गया, लेकिन उनके साथ भी कथित रूप से गाली-गलौज की गई। आरोप है कि अस्पताल परिसर में बने वॉशरूम का ताला भी तोड़ दिया गया।
स्थिति बिगड़ने पर अस्पताल स्टाफ ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर भोला, सौरभ, मुस्कान और कुछ अन्य अज्ञात महिला-पुरुषों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की जांच जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं दूसरे पक्ष का बयान अभी सामने नहीं आ सका है।