लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
चेन्नई: तमिलनाडु सरकार ने महिलाओं के लिए चल रही मुफ्त बस यात्रा योजना के नाम में बदलाव किया है। पहले यह योजना 'मगलिर विदियाल पयनम' के नाम से जानी जाती थी, जिसे अब बदलकर 'मगलिर पयनम' कर दिया गया है। राज्य परिवहन निगम की बसों के डिजिटल डिस्प्ले पर नया नाम दिखाई देने लगा है।
यह योजना साल 2021 में तत्कालीन DMK सरकार द्वारा शुरू की गई थी और इसे महिलाओं की आवाजाही को आसान बनाने वाली प्रमुख कल्याणकारी योजनाओं में शामिल किया गया था। योजना के तहत राज्य की साधारण सरकारी बसों में महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाती है।
नाम परिवर्तन को लेकर राजनीतिक विवाद भी शुरू हो गया है। DMK नेताओं ने आरोप लगाया है कि नई सरकार पिछली सरकार की योजनाओं के नाम बदल रही है। वहीं, सरकार की ओर से कहा गया है कि योजना की सुविधा और उद्देश्य में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
परिवहन मंत्री ने कहा कि यह अब भी महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा योजना ही है। हालांकि, नाम बदलने के पीछे की वजह को लेकर सरकार की ओर से विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
मामला ऐसे समय सामने आया है जब तमिलनाडु में कल्याणकारी योजनाओं और उनके नामों को लेकर राजनीतिक बहस तेज है। विपक्ष इस बदलाव को राजनीतिक फैसले के तौर पर देख रहा है, जबकि सरकार इसे प्रशासनिक बदलाव बता रही है।