लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
गंगटोक: सिक्किम में पहली बार दुर्लभ यूरेशियन लिंक्स (Lynx lynx) कैमरा ट्रैप में कैद हुआ है। यह पूर्वी हिमालय क्षेत्र में इस प्रजाति का केवल दूसरा पुष्ट फोटोग्राफिक रिकॉर्ड माना जा रहा है। यह तस्वीर जनवरी 2026 में मंगन जिले के त्सो ल्हामो पठार पर समुद्र तल से करीब 5,250 मीटर की ऊंचाई पर लगाए गए कैमरा ट्रैप से प्राप्त हुई।
यह रिकॉर्ड सिक्किम वन एवं पर्यावरण विभाग और WWF-इंडिया के संयुक्त हिम तेंदुआ एवं उच्च हिमालयी घासभूमि निगरानी कार्यक्रम के दौरान मिला। विशेषज्ञों के अनुसार इससे यह संकेत मिलता है कि पूर्वी हिमालय में यूरेशियन लिंक्स की मौजूदगी पहले के अनुमान से अधिक व्यापक हो सकती है। इससे पहले इस प्रजाति का पहला फोटोग्राफिक रिकॉर्ड वर्ष 2025 में अरुणाचल प्रदेश से मिला था।
वन अधिकारियों ने इसे राज्य के वन्यजीव संरक्षण के लिए बड़ी उपलब्धि बताया है। इसी सर्वेक्षण में हिम तेंदुआ, पैलस कैट, तिब्बती भेड़िया, तिब्बती सैंड फॉक्स और अन्य उच्च हिमालयी वन्यजीवों की भी मौजूदगी दर्ज की गई, जिससे त्सो ल्हामो क्षेत्र की जैव विविधता और संरक्षण महत्व और अधिक स्पष्ट हुआ है।