लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
मदुरै/शिवगंगा। तमिलनाडु के शिवगंगा जिले की 20 वर्षीय गर्भवती महिला एस. अफरीन अपने पति के घर में मृत पाई गई। घटना के बाद परिजनों ने दहेज प्रताड़ना और संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का आरोप लगाते हुए शव लेने से इनकार कर दिया है।
अफरीन 17 जून को तिरुप्पथुर स्थित अपने पति मोहम्मद अशरफ के घर में फंदे से लटकी हुई मिली थी। महिला की मां एस. फातिमा बीवी ने आरोप लगाया कि शादी के समय तय किए गए पूरे सोने के गहने नहीं देने पर उनकी बेटी को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।
परिवार का आरोप है कि जब वे घर पहुंचे तो दरवाजा बाहर से बंद था। उन्होंने अफरीन के कंधे पर चोट के निशान होने का भी दावा किया है। वहीं, पति के परिवार का कहना है कि महिला ने आत्महत्या की है।
मृतका के परिजनों ने पुडुकोट्टई सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल से पोस्टमार्टम रिपोर्ट और ऑटोप्सी वीडियो की प्रति मांगी है। उनका आरोप है कि अब तक उन्हें ये दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए हैं, इसलिए उन्होंने शव लेने से इनकार कर दिया।
पुलिस ने अप्राकृतिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चूंकि महिला की शादी को सात वर्ष से कम समय हुआ था, इसलिए राजस्व मंडल अधिकारी (RDO) स्तर की जांच भी कराई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट और पोस्टमार्टम निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।