लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
मुंबई: महाराष्ट्र में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण सोमवार तड़के मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के खोपोली-कुसगांव 'मिसिंग लिंक' पर टनल-2 के निकास (एग्जिट) के पास भूस्खलन हो गया। घटना के बाद एहतियात के तौर पर पुणे से मुंबई जाने वाले कैरिजवे पर यातायात तत्काल प्रभाव से डायवर्ट कर दिया गया।
महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (MSRDC) के अनुसार सुबह करीब 4 बजे से ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए हाईवे ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। मोटर चालकों से आवश्यक होने पर ही इस मार्ग पर यात्रा करने की अपील की गई है।
भूस्खलन के कारण मुंबई की ओर जाने वाले वाहनों को लोनावला मार्ग से निकाला जा रहा है, जिससे एक्सप्रेसवे और आसपास के क्षेत्रों में लंबा जाम लग गया है। कई वाहन चालक घंटों तक ट्रैफिक में फंसे रहे। राहत एवं मलबा हटाने का कार्य जारी है और मार्ग को सुरक्षित बनाने के बाद ही यातायात सामान्य किया जाएगा।
लगातार हो रही बारिश का असर केवल सड़क यातायात पर ही नहीं बल्कि मुंबई-पुणे रेल मार्ग पर भी पड़ा है। भूस्खलन और जलभराव के चलते कई ट्रेनें रद्द और डायवर्ट की गई हैं। प्रशासन ने लोगों से मौसम और ट्रैफिक संबंधी ताजा अपडेट देखकर ही यात्रा करने की सलाह दी है।