लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
रामगढ़: झारखंड के रामगढ़ जिले में पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मिनी हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में बिहार के नवादा जिले के रहने वाले एक दंपती को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का दावा है कि दोनों लंबे समय से अवैध हथियार बनाकर अपराधियों तक उनकी सप्लाई कर रहे थे।
पुलिस अधीक्षक (SP) मुकेश कुमार लुनायत के अनुसार, गुप्त सूचना मिलने के बाद हजारीबाग और रामगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम ने एके कोलियरी दत्तन गांव में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान एक अवैध हथियार निर्माण इकाई का खुलासा हुआ, जहां से हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और कई अहम सामान बरामद किए गए।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीन अधबनी पिस्तौल, नौ मैगजीन, एक वेल्डिंग मशीन तथा हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाले अन्य औजार जब्त किए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी न केवल हथियार तैयार करते थे, बल्कि उन्हें आपराधिक तत्वों तक भी पहुंचाते थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और हथियारों की सप्लाई चेन की भी जांच कर रही है।
आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि अब तक कितने हथियार बनाए और किन-किन लोगों को सप्लाई किए गए। अधिकारियों का कहना है कि अवैध हथियार निर्माण और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।