लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
मुस्कान
पश्चिम बंगाल के बारुईपुर में बच्ची के साथ कथित दरिंदगी की घटना के बाद भड़की हिंसा पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि भीड़ द्वारा पीट-पीटकर मारा गया युवक प्रारंभिक जांच में निर्दोष पाया गया है और उसे अफवाहों के आधार पर निशाना बनाया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून अपने हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पुलिस को हिंसा में शामिल करीब 200 लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
बारुईपुर में घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया था। हालात को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है।
राज्य सरकार ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि बच्ची से जुड़े मूल मामले और उसके बाद हुई हिंसा, दोनों की अलग-अलग जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।