लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
नई दिल्ली: भारत ग्रॉस टनेज के आधार पर दुनिया का अग्रणी शिप रीसाइक्लिंग देश बन गया है। केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सरबानंद सोनोवाल ने कहा कि यह उपलब्धि पर्यावरण के अनुकूल और वैश्विक मानकों के अनुरूप समुद्री क्षेत्र में भारत की बढ़ती क्षमता को दर्शाती है।
सोनोवाल ने गोवा के पणजी में नए कैप्टन ऑफ पोर्ट्स टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया। करीब 48.87 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह आधुनिक सुविधा समुद्री प्रशासन को मजबूत करने, जहाजों की निगरानी और नेविगेशन व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद करेगी।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत के समुद्री क्षेत्र में बड़ा बदलाव आया है। देश के बंदरगाहों की क्षमता लगभग दोगुनी हुई है और जहाजों के रुकने का औसत समय 95 घंटे से घटकर 41 घंटे रह गया है।
उन्होंने बताया कि भारत में नाविकों की संख्या 3.23 लाख से अधिक हो गई है, तटीय माल परिवहन दोगुना से ज्यादा बढ़ा है और राष्ट्रीय जलमार्गों की संख्या 3 से बढ़कर 32 हो गई है।
सोनोवाल ने गोवा में समुद्री सुधारों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य में गोवा मैरीटाइम बोर्ड, शिपबिल्डिंग और शिप रिपेयर पॉलिसी जैसी योजनाएं समुद्री क्षेत्र को और मजबूत करेंगी।