लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
हैदराबाद: तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में एक हाई-स्पीड फेरारी कार हादसे का शिकार हो गई। जुबली हिल्स के पॉश इलाके फिल्म नगर में करीब 3.5 करोड़ रुपये से अधिक कीमत वाली फेरारी रोमा एक अपार्टमेंट के मुख्य गेट से जा टकराई। हादसे में लग्जरी कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि अपार्टमेंट का गेट भी टूट गया।
पुलिस के मुताबिक, यह दुर्घटना रविवार तड़के करीब 4 बजे रोड नंबर-5 पर हुई। तेज रफ्तार फेरारी के नियंत्रण से बाहर होने के बाद वह हिल व्यू अपार्टमेंट के गेट से टकरा गई। हादसे के बाद कार में मौजूद लोग मौके से फरार हो गए, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
फिल्म नगर पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है और कार चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त फेरारी को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि हादसा तेज रफ्तार या लापरवाही से ड्राइविंग के कारण हुआ हो सकता है। कुछ रिपोर्ट्स में नशे में ड्राइविंग की आशंका भी जताई गई है, हालांकि पुलिस जांच के बाद ही स्थिति साफ होगी।
गनीमत रही कि इस हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि, महंगी स्पोर्ट्स कार और पॉश इलाके में हुई इस दुर्घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार ड्राइविंग को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बताया जा रहा है कि जुबली हिल्स इलाके में एक सप्ताह के भीतर यह दूसरी ऐसी घटना है, जिसमें तेज रफ्तार वाहन किसी रिहायशी संपत्ति से टकराया है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के समय कार में मौजूद लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।