लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
बिलासपुर (हिमाचल प्रदेश): हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही मानसूनी बारिश के बीच बिलासपुर जिले के घुमारवीं उपमंडल के करयाल गांव में जमीन धंसने (लैंड सब्सिडेंस) की घटनाओं ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। गांव में कई स्थानों पर जमीन खिसकने और गहरी दरारें पड़ने की सूचना के बाद लोग संभावित बड़े हादसे की आशंका से भयभीत हैं। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द ही मौके का निरीक्षण करने की बात कही है।
ग्रामीणों का कहना है कि वर्ष 2018 में भी इसी क्षेत्र में हुए बड़े भूस्खलन के कारण सात परिवारों को अपने घर छोड़ने पड़े थे। अब एक बार फिर जमीन धंसने की घटनाएं सामने आने से लोगों में डर का माहौल है। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने बधाघाट-सोहनी देवी मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है, क्योंकि सड़क के किनारों पर भी दरारें दिखाई दे रही हैं।
स्थानीय लोगों ने यह भी आशंका जताई है कि पंचायत क्षेत्र में निर्माणाधीन 33 केवी बिजली सब-स्टेशन पर भी इसका असर पड़ सकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से भू-वैज्ञानिकों की टीम भेजकर विस्तृत सर्वे कराने और स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े नुकसान से बचा जा सके।
उपमंडल अधिकारी (SDM) ने बताया कि करयाल गांव में भूमि धंसने की सूचना मिली है और जल्द ही प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया जाएगा। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है तथा आवश्यक सुरक्षा उपायों पर काम कर रहा है।