लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
दक्षिण दिल्ली में फुटपाथ पर सो रही 10 वर्षीय बच्ची के अपहरण, दुष्कर्म और हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी कैब चालक को वारदात के चार घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी बबलू नाम का व्यक्ति है, जो एक ऐप-आधारित कैब चलाता है और घटना के समय नशे में था।
जानकारी के मुताबिक, बच्ची सोमवार रात अपने माता-पिता और तीन भाई-बहनों के साथ दक्षिण दिल्ली में फुटपाथ पर सो रही थी। तड़के एक कैब चालक वहां पहुंचा और बच्ची को उठाकर अपनी कार में ले गया। बच्ची की चीख सुनकर उसके पिता की नींद खुल गई। उन्होंने वाहन का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद पिता ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम (PCR) को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने चार घंटे तक व्यापक तलाशी अभियान चलाया। जांच के दौरान आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। हालांकि शुरुआती फुटेज में वाहन का नंबर साफ दिखाई नहीं दिया, लेकिन पुलिस ने पाया कि सफेद रंग की हैचबैक कार करीब एक घंटे तक इलाके में खड़ी रही थी।
आगे की जांच में पुलिस ने कैब एग्रीगेटर कंपनियों से उस क्षेत्र में संचालित ट्रिप्स की जानकारी मांगी। अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, जीपीएस डेटा और मोबाइल लोकेशन के आधार पर वाहन की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस आरोपी तक पश्चिमी दिल्ली के विकासपुरी क्षेत्र में पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने सामान्य तरीके से कैब चलाना जारी रखा। उसने गुरुग्राम से विकासपुरी तक एक सवारी भी छोड़ी। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ बिहार में मारपीट और झगड़े के पांच पुराने मामले दर्ज हैं।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।