लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में बुधवार तड़के उद्योग भवन और सेना भवन के पास स्थित मजदूरों के अस्थायी शिविर में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि श्रमिकों के रहने के लिए बनाए गए करीब 200 टिन शेड देखते ही देखते आग की चपेट में आ गए, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
दमकल विभाग के अनुसार आग लगने की सूचना सुबह करीब 3:04 बजे मिली, जिसके बाद तत्काल फायर ब्रिगेड की 20 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। आग की गंभीरता को देखते हुए बाद में गाड़ियों की संख्या बढ़ाकर 25 कर दी गई। दमकल कर्मियों ने करीब तीन घंटे तक लगातार अभियान चलाकर आग पर पूरी तरह काबू पाया।
फायर अधिकारी संदीप दुग्गल ने बताया कि यह अस्थायी कैंप निर्माण कार्य में लगे मजदूरों के रहने के लिए बनाया गया था। शिविर में खाना पकाने के लिए छोटे एलपीजी सिलेंडरों का इस्तेमाल किया जा रहा था और बिजली के तार भी अव्यवस्थित तरीके से फैले हुए थे। प्रारंभिक तौर पर आग के तेजी से फैलने की यही वजह मानी जा रही है।
हालांकि इस हादसे में सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि या गंभीर चोट की सूचना नहीं है। समय रहते मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
फिलहाल दमकल और संबंधित एजेंसियां आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच कर रही हैं। प्रशासन ने प्रभावित मजदूरों के लिए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।