लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
नई दिल्ली: दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने गुरुवार को यमुना बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने के लिए व्यापक बुलडोजर अभियान चलाया। यह कार्रवाई यमुना के संरक्षित बाढ़ क्षेत्र (ओ-ज़ोन) से अवैध निर्माण हटाने के उद्देश्य से की गई। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस और अर्धसैनिक बल तैनात रहे ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।
कार्रवाई से एक दिन पहले DDA ने घाट क्षेत्र में रहने वाले परिवारों को स्वेच्छा से मकान खाली करने का नोटिस जारी किया था। अधिकारियों के अनुसार नोटिस का पालन नहीं करने पर अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। प्रभावित लोगों को निकटवर्ती रैन बसेरों और अस्थायी आश्रय स्थलों में जाने की सलाह दी गई।
अभियान के दौरान कई निवासी अपने घरों के दरवाजे, खिड़कियां और अन्य सामान स्वयं निकालते दिखाई दिए ताकि उन्हें नुकसान न पहुंचे। प्रभावित लोगों ने कहा कि उनके पास जाने के लिए कोई दूसरी जगह नहीं है। उन्होंने प्रशासन से पुनर्वास और वैकल्पिक आवास उपलब्ध कराने की मांग करते हुए कहा कि बुलडोजर कार्रवाई के बाद उनके सामने बेघर होने का संकट पैदा हो गया है।
DDA का कहना है कि यह अभियान यमुना तट के 32 घाटों के पुनर्विकास और अतिक्रमण मुक्त करने की व्यापक योजना का हिस्सा है। प्राधिकरण का उद्देश्य यमुना के बाढ़ क्षेत्र को संरक्षित करना और इलाके को विरासत एवं सार्वजनिक उपयोग के लिए विकसित करना है।