लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के बिठूर क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। रिटायर्ड IAS अधिकारी के बेटे देवाशीष निगम को एक महिला पर कथित रूप से जानलेवा हमला करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने महिला द्वारा शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने के बाद उस पर ईंट से हमला कर दिया, जिससे उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं।
प्रारंभिक जांच के मुताबिक, घटना शनिवार को उस समय हुई जब आरोपी महिला को आईआईटी कानपुर के पास से कार में बैठाकर बिठूर स्थित ब्रह्मघाट की ओर ले गया। रास्ते में आरोपी ने महिला पर शादी के लिए दबाव बनाया। महिला के इनकार करने पर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। इसके बाद आरोपी ने कार को एक सुनसान स्थान पर रोक दिया और कथित तौर पर ईंट से हमला कर दिया।
पुलिस के अनुसार, महिला ने खुद को बचाने के लिए कार का दरवाजा बंद करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने कार का शीशा तोड़ दिया और उसे बाहर खींचकर सड़क पर गिरा दिया। इसके बाद उसके सिर और शरीर पर कई बार हमला किया गया। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
घायल महिला आईआईटी कानपुर में कार्यरत बताई जा रही है और उसका इलाज लाला लाजपत राय अस्पताल में चल रहा है। पुलिस के अनुसार, महिला करीब 24 घंटे बाद होश में आई। पीड़िता के परिजनों ने आरोप लगाया है कि आरोपी लंबे समय से शादी का दबाव बना रहा था और पहले भी धमकियां देता था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।