लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
पटना: बिहार सरकार ने सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभार्थियों के लिए बड़ा फैसला लेते हुए हर महीने की 10 तारीख को 'बिहार पेंशन दिवस' के रूप में मनाने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि अब प्रत्येक माह की 10 तारीख को पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में पेंशन की राशि सीधे डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से भेजी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को राज्य के 97.84 लाख सामाजिक सुरक्षा पेंशन लाभार्थियों के खातों में 1,423.94 करोड़ रुपये की राशि जारी की। इस राशि में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत मिलने वाली सहायता शामिल है। उन्होंने कहा कि समय पर पेंशन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है, ताकि बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और विधवा महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा मिल सके।
सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि को नियमित और पारदर्शी तरीके से लाभार्थियों तक पहुंचाने की व्यवस्था की है। उन्होंने यह भी बताया कि जिन पात्र लोगों को अभी तक योजना का लाभ नहीं मिल रहा है, वे आवश्यक दस्तावेज पूरे कर आवेदन करें ताकि उन्हें भी समय पर पेंशन मिल सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर महीने की 10 तारीख को 'बिहार पेंशन दिवस' मनाने का उद्देश्य लाभार्थियों को निश्चित तिथि पर पेंशन उपलब्ध कराना और वितरण प्रणाली को अधिक जवाबदेह बनाना है। सरकार का मानना है कि इससे लाखों जरूरतमंद परिवारों को नियमित आर्थिक सहायता मिलती रहेगी और सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी।