लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
गुवाहाटी: असम पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने चिरांग जिले में एक बड़े अभियान के दौरान अंतरराष्ट्रीय वन्यजीव तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 8 संकटग्रस्त गोल्डन लंगूरों को बचाया और 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार लोगों में एक बांग्लादेशी नागरिक, पांच पश्चिम बंगाल और तीन असम के निवासी शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में इस नेटवर्क के अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय तस्करी गिरोह से जुड़े होने के संकेत मिले हैं।
एसटीएफ ने खुफिया सूचना के आधार पर राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर दो वाहनों को रोककर तलाशी ली, जहां गोल्डन लंगूरों को बोरियों में भरकर ले जाया जा रहा था। तस्करी के दौरान एक लंगूर की मौत हो गई, जबकि सात अन्य को वन विभाग की देखरेख में चिकित्सकीय परीक्षण के बाद सुरक्षित रूप से सिकना ज्व्हव्लाओ (Sikhna Jwhwlao) राष्ट्रीय उद्यान के उल्टापानी क्षेत्र में छोड़ दिया गया।
विशेषज्ञों का कहना है कि गोल्डन लंगूर दुनिया की सबसे दुर्लभ प्राइमेट प्रजातियों में से एक है और यह केवल असम तथा भूटान के सीमित क्षेत्रों में पाई जाती है। वन अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है और इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है। घटना ने पूर्वोत्तर में वन्यजीव संरक्षण और अवैध तस्करी पर फिर से गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।