लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
जम्मू: श्री अमरनाथ यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का एक और जत्था सोमवार तड़के जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पवित्र गुफा की ओर रवाना हुआ। प्रशासन ने श्रद्धालुओं को दो अलग-अलग काफिलों में बालटाल और पहलगाम आधार शिविरों के लिए भेजा। यात्रा मार्ग पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं और हर वाहन की निगरानी की जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं में बड़ी संख्या में महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल हैं। जम्मू-कश्मीर प्रशासन, पुलिस, अर्धसैनिक बलों और श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड की ओर से यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।
प्रशासन ने बिना पंजीकरण वाले श्रद्धालुओं से फिलहाल यात्रा स्थगित करने की अपील की है, क्योंकि निर्धारित तिथियों तक सभी पंजीकरण स्लॉट भर चुके हैं। केवल वैध पंजीकरण वाले श्रद्धालुओं को ही आगे बढ़ने की अनुमति दी जा रही है।
अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से शुरू होकर 28 अगस्त तक चलेगी। श्रद्धालु पारंपरिक पहलगाम मार्ग और छोटे बालटाल मार्ग से बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।