लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
अलवर: राजस्थान के अलवर जिले में लूटपाट के दौरान 80 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार, मृतक दिनेश चंद्र अग्रवाल अपने घर में अकेले रहते थे। जब वह रात में अपने बेटे के घर भोजन के लिए नहीं पहुंचे तो परिजनों ने घर जाकर देखा। वहां उनका शव कमरे में पड़ा मिला। उनके हाथ-पैर बंधे हुए थे और घर का सामान बिखरा पड़ा था, जिससे लूटपाट की आशंका जताई जा रही है।
परिजनों का आरोप है कि बदमाश घर के पिछले हिस्से से अंदर घुसे और लाखों रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि मृतक पुराने नोटों के विनिमय का काम करते थे और घर में अक्सर बड़ी मात्रा में नकदी रखते थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्या व लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद राजस्थान विधानसभा में विपक्ष के नेता टीकाराम जूली पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि हत्या और लूट की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।