लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
सलेम (तमिलनाडु): तमिलनाडु के सलेम जिले में विशेष निरोध शिविर में रखे गए 50 बांग्लादेशी नागरिकों को निर्वासन (डिपोर्टेशन) की प्रक्रिया के तहत ट्रेन से पश्चिम बंगाल भेजा गया है। अधिकारियों के अनुसार, सभी 50 लोगों में 44 पुरुष और छह महिलाएं शामिल हैं। इन्हें पश्चिम बंगाल के हरिदासपुर सीमा चौकी पर सीमा सुरक्षा बल (BSF) को सौंपा जाएगा, जहां से आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद बांग्लादेशी अधिकारियों को हस्तांतरित किया जाएगा।
पुलिस के मुताबिक, निर्वासन आदेश जारी होने के बाद शुक्रवार को इन सभी नागरिकों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सड़क मार्ग से तिरुचिरापल्ली ले जाया गया। वहां से इन्हें हावड़ा एक्सप्रेस के एक विशेष कोच में रवाना किया गया। पूरी यात्रा के दौरान 40 सदस्यीय सशस्त्र पुलिस दल उनकी सुरक्षा और निगरानी के लिए तैनात किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि हरिदासपुर सीमा पर तमिलनाडु पुलिस औपचारिक रूप से इन लोगों को BSF के हवाले करेगी। इसके बाद भारतीय और बांग्लादेशी एजेंसियों के बीच निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उनका प्रत्यावर्तन (Repatriation) कराया जाएगा। यह कार्रवाई अवैध रूप से भारत में रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ चल रही कानूनी प्रक्रिया का हिस्सा है।
सलेम स्थित विशेष निरोध शिविर में फिलहाल 130 से अधिक विदेशी नागरिक अभी भी रह रहे हैं, जिनके मामलों की कानूनी प्रक्रिया जारी है या वे विभिन्न मामलों में जमानत पर हैं। प्रशासन का कहना है कि सभी मामलों में कानून के अनुसार कार्रवाई की जा रही है।