लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
ईटानगर: सीमा सड़क संगठन (BRO) ने अरुणाचल प्रदेश के दुर्गम कुरुंग कुमे जिले में 180 फीट लंबा रणनीतिक बेली ब्रिज तैयार कर सीमावर्ती क्षेत्रों की महत्वपूर्ण सड़क संपर्क व्यवस्था बहाल कर दी है। लगातार मानसूनी बारिश, फ्लैश फ्लड के खतरे और कठिन पहाड़ी परिस्थितियों के बावजूद BRO की टीम ने दिन-रात काम कर इस पुल का निर्माण पूरा किया।
यह परियोजना BRO के प्रोजेक्ट अरुणांक के तहत 756 टास्क फोर्स और 85 रोड कंस्ट्रक्शन कंपनी (RCC) ने पूरी की। नया ट्रिपल-डबल रिइन्फोर्स्ड बेली ब्रिज सेना की आवाजाही, सैन्य उपकरणों की तेज़ तैनाती और सीमावर्ती गांवों तक आवश्यक आपूर्ति पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगा। साथ ही स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य, शिक्षा और बाजारों तक बेहतर पहुंच मिलेगी।
अधिकारियों के अनुसार यह पुल राष्ट्रीय सुरक्षा ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ दूरदराज के सीमावर्ती क्षेत्रों के सामाजिक और आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देगा। BRO ने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद सीमा क्षेत्रों में हर मौसम में संपर्क सुनिश्चित करने के लिए ऐसे रणनीतिक बुनियादी ढांचा परियोजनाओं पर लगातार काम जारी रहेगा।