गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
फरीदाबाद जिले में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति पूरी तरह सुचारू बनी हुई है। उपायुक्त आयुष सिन्हा ने आम जनता से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराकर अनावश्यक सिलेंडर बुकिंग या भंडारण न करें।उन्होंने बताया कि जिले में एचपीसीएल, इंडेन और भारत गैस की कुल 43 एजेंसियां सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं और उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस उपलब्ध कराई जा रही है। प्रशासन विपणन कंपनियों के साथ समन्वय बनाकर आपूर्ति व्यवस्था की लगातार निगरानी कर रहा है।
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक कविता सिंह परिहार ने बताया कि कालाबाजारी रोकने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई के दौरान घरेलू गैस सिलेंडर के दुरुपयोग के मामलों में आवश्यक वस्तु अधिनियम-1955 के तहत आठ एफआईआर दर्ज की गई हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गैस की कोई कमी नहीं है और सभी उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।