लिसिका ग्रोवर
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
नई दिल्ली के मध्य जिले में स्पेशल स्टाफ पुलिस ने मुठभेड़ के बाद 85 लाख रुपये की लूट के मामले में वांछित बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसमें एक गोली इंस्पेक्टर की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। जैकेट के कारण उनकी जान बच गई।
मध्य जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अजय उर्फ कालिया (34) है, जो गौतमपुरी, उस्मानपुर का निवासी है। वह शास्त्री पार्क थाने में दर्ज 85 लाख रुपये की लूट के मामले में वांछित था और कई अन्य संगीन मामलों में भी शामिल रहा है।
पुलिस के अनुसार सोमवार रात सूचना मिली थी कि आरोपी आईपी एस्टेट क्षेत्र में अपने साथियों से मिलने आएगा। इसके बाद स्पेशल स्टाफ ने इलाके में जाल बिछाया। रात करीब 12:22 बजे आरोपी स्कूटी से मौके पर पहुंचा।
पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर उसने भागने की कोशिश की और घिरने पर पुलिस टीम पर चार राउंड फायरिंग कर दी। एक गोली इंस्पेक्टर रोहित कुमार की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी।
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए आरोपी के पैरों में गोली मारी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मौके से पुलिस ने एक अवैध पिस्टल, जिंदा कारतूस, खाली खोखे, चोरी की स्कूटी और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। जांच में यह भी सामने आया कि बरामद स्कूटी मालवीय नगर क्षेत्र से चोरी की गई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।