लिसिका ग्रोवर
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
असम के जागीरोड क्षेत्र के देवशाल में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की एक विशाल चुनावी सभा आयोजित की गई, जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शिरकत की। उन्होंने जागीरोड विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार पीयूष हजारिका के समर्थन में जोरदार प्रचार किया।
सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा की “डबल इंजन” सरकार असम के समग्र विकास के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन के दौरान पूर्वोत्तर को वह प्राथमिकता नहीं मिली, जो अब केंद्र सरकार के नेतृत्व में मिल रही है।
उन्होंने नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के लगातार असम और पूर्वोत्तर दौरे से क्षेत्र को नई पहचान और विकास की दिशा मिली है। साथ ही उन्होंने महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण में केंद्र सरकार की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि पहले असम में निवेश का माहौल कमजोर था, लेकिन पिछले दस वर्षों में इसमें बड़ा बदलाव आया है और अब निवेशक राज्य की ओर आकर्षित हो रहे हैं।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया, एनडीए उम्मीदवार रमाकांत देउरी सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभा में उमड़ी भारी भीड़ को लेकर पीयूष हजारिका ने कहा कि इससे उनका आत्मविश्वास और मजबूत हुआ है।
गौरतलब है कि नितिन नवीन असम के दो दिवसीय दौरे पर हैं। उन्होंने डिब्रूगढ़ पहुंचकर ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुना और इसके बाद विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में जनसभाओं को संबोधित किया। खराब मौसम के बावजूद उनकी सभाओं में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी देखने को मिल रही है।