गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
गुवाहाटी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और बिहपुरिया क्षेत्र से उम्मीदवार भूपेन बोरा ने एआईयूडीएफ प्रमुख बदरुद्दीन अजमल पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि अजमल की राजनीति साम्प्रदायिकता पर आधारित है और इसके बिना उनका राजनीतिक अस्तित्व संभव नहीं है।
शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में भूपेन बोरा ने कहा कि बदरुद्दीन अजमल हमेशा से विभाजनकारी राजनीति करते रहे हैं और साम्प्रदायिक मुद्दों के सहारे ही अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करते हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी की नीतियों के कारण ही अजमल को राजनीतिक रूप से आगे बढ़ने का अवसर मिला, जिसके चलते वह आज प्रभावशाली नेता बन पाए हैं।
वहीं भाजपा के एक अन्य नेता प्रशांत फूकन ने भी कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस की रणनीतियों ने ही अजमल को मजबूत किया है।
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि आगामी चुनाव में लाभ लेने के लिए एआईयूडीएफ बाहरी नेताओं का सहारा ले रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी असदुद्दीन ओवैसी जैसे नेताओं के साथ जुड़कर चुनावी समीकरण बनाने की कोशिश कर रही है।
हालांकि, इन आरोपों पर एआईयूडीएफ या संबंधित नेताओं की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।