लिसिका ग्रोवर
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
Bareilly में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) यूनिट ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पिता और उसके दो बेटों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1.750 किलोग्राम हेरोइन, 950 ग्राम स्मैक बनाने में प्रयुक्त रंग, तीन मोबाइल फोन और 87,520 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत करीब 3.50 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान Budaun जिले के बिनावर थाना क्षेत्र स्थित भगवानपुर गांव निवासी परमानंद उर्फ पप्पू और उसके बेटे यशवीर व रविंद्र के रूप में हुई है। तीनों को 30 मार्च की रात थाना भमोरा क्षेत्र में देवचरा-दातागंज रोड पर तख्तपुर मोड़ के पास से गिरफ्तार किया गया।
एएनटीएफ के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि तस्कर बड़ी मात्रा में स्मैक और हेरोइन की सप्लाई करने जा रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम ने जाल बिछाकर तीनों आरोपियों को दबोच लिया।
पूछताछ में मुख्य आरोपी परमानंद ने बताया कि उसके पिता के नाम पर पहले अफीम की खेती का लाइसेंस था, जिससे उसने मादक पदार्थ तैयार करने की प्रक्रिया सीखी। उसने वर्ष 2012 से स्मैक बनाकर दिल्ली समेत कई जिलों में इसकी सप्लाई करना शुरू कर दिया था।
पुलिस के मुताबिक परमानंद पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी के मामलों में जेल जा चुका है और इस अवैध कारोबार में उसके दोनों बेटे भी शामिल थे। इस बार भी तीनों आरोपी मादक पदार्थों की सप्लाई के लिए जा रहे थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में थाना भमोरा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपियों के नेटवर्क और उनसे जुड़े अन्य तस्करों की जानकारी जुटाने में लगी है।