लिसिका ग्रोवर
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
बलरामपुर, 24 मार्च
लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व Chaiti Chhath का आज तीसरा दिन है। बलरामपुर जिले के रामानुजगंज क्षेत्र में व्रती मंगलवार को पूरे विधि-विधान के साथ अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे।
चार दिवसीय इस महापर्व को लेकर पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और उल्लास का माहौल बना हुआ है। सोमवार को खरना पूजन संपन्न होने के बाद व्रतियों ने 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू किया, जो उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद पूर्ण होगा।
संध्या अर्घ्य को लेकर रामानुजगंज की कन्हर नदी के तट स्थित छठ घाटों पर विशेष साफ-सफाई और सजावट की गई है। व्रती पारंपरिक वेशभूषा में ठेकुआ, फल, नारियल और अन्य पूजन सामग्री से सजी टोकरी व सूप लेकर घाटों की ओर प्रस्थान करेंगे। क्षेत्र में छठ गीतों की गूंज और भक्ति का वातावरण देखने को मिल रहा है।
बाजारों में भी छठ पूजन सामग्री की खरीदारी जोरों पर है। फल, गन्ना, नारियल, सूप और दऊरा की दुकानों पर लोगों की भीड़ उमड़ रही है। प्रशासन द्वारा घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
वहीं, मौसम भी व्रतियों के अनुकूल बना हुआ है। हाल ही में हुई बारिश और तापमान में गिरावट से गर्मी से राहत मिली है, जिससे अनुष्ठान संपन्न करने में सहूलियत हो रही है।
उल्लेखनीय है कि Chaiti Chhath महापर्व का समापन बुधवार को उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ होगा। इस अवसर पर श्रद्धालु सूर्य देव और छठी मैया की पूजा कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हैं।